नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई की। यह कार्रवाई रायपुर और विशाखापत्तनम के बीच भारतमाला परियोजना सड़क के लिए भूमि अधिग्रहण मुआवजे के भुगतान में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में की गई है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम ने राज्य की राजधानी रायपुर और महासमुंद जिले में कम से कम नौ ठिकानों पर तलाशी ली है। यह कार्रवाई धन शोधन से जुड़े पहलुओं की जांच के तहत की जा रही है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मामला भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर-विशाखापत्तनम आर्थिक गलियारे के लिए भूमि अधिग्रहण मुआवजे के वितरण में कथित गड़बड़ियों से जुड़ा है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में हरमीत सिंह खनूजा, उनके कथित सहयोगियों, कुछ सरकारी अधिकारियों और जमीन मालिकों से जुड़े परिसरों पर कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि भारतमाला परियोजना के तहत देशभर में लगभग 26 हजार किलोमीटर लंबे आर्थिक गलियारों के विकास की योजना है। इस परियोजना का उद्देश्य गोल्डन क्वाड्रिलेटरल तथा उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम गलियारों के साथ सड़क परिवहन को मजबूत करना और माल ढुलाई के बड़े हिस्से को इन मार्गों से जोड़ना है।




