नई दिल्ली। भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार और आगामी बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections) में बीजेपी के स्टार प्रचारक पवन सिंह (Pawan Singh) को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने Y कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की है। यह सुरक्षा इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की थ्रेट परसेप्शन रिपोर्ट के आधार पर बढ़ाई गई है।
मिली जानकरी के अनुसार, पवन सिंह की सुरक्षा के लिए CRPF के प्रशिक्षित कमांडो तैनात किए जाएंगे। Y कैटेगरी सुरक्षा में आम तौर पर 8 से 11 सुरक्षा कर्मी शामिल होते हैं, जो व्यक्ति की निजी सुरक्षा, यात्रा, इवेंट और सार्वजनिक उपस्थितियों के दौरान उनके साथ रहते हैं। पवन सिंह के मामले में यह जिम्मेदारी CRPF की विशेष यूनिट को सौंपी गई है, जो उन्हें पूरे देश में सुरक्षा मुहैया कराएगी।
Read Also- सिंगर जुबीन गर्ग मौत मामले में चचेरा भाई DSP संदीपन गर्ग गिरफ्तार, हादसे के समय था साथ
बताया जा रहा है कि यह सुरक्षा कदम सितंबर में सामने आई धमकी के बाद उठाया गया। उस समय बाबा खान के गुंडों ने पवन सिंह (Pawan Singh) को खुलेआम धमकी दी थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में गुंडे कहते नज़र आए थे कि ‘दम है तो बाबा खान के सामने आकर कुछ बोलकर दिखाओ।’ इस धमकी के बाद IB ने खतरे की गंभीरता का आकलन किया और गृह मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट भेजी।
राजनीतिक क्षेत्र में भी सक्रिय पवन सिंह (Pawan Singh) इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने लोकसभा चुनाव में काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, जिससे बीजेपी को नुकसान उठाना पड़ा। अब पार्टी ने उन्हें अपने पाले में शामिल कर लिया है।




