जांजगीर-चांपा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला जेल खोखरा में बंद जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू से मुलाकात की। लगभग 25 मिनट की इस मुलाकात के दौरान बघेल ने विधायक से हालचाल जाना और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मीडिया से बातचीत करते हुए भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि विधायक बालेश्वर साहू को झूठे मामले में फंसाया गया है।
भूपेश ने कहा कि भाजपा को विधायक की लोकप्रियता रास नहीं आ रही है, इसलिए यह बदले की राजनीति की जा रही है। कोई भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले या विपक्ष में बैठे नेता को दबाव में लाने का काम किया जा रहा है। उनका कहना है कि इसी दबाव के चलते गिरफ्तारी हुई है। हालांकि, उन्होंने न्यायालय पर विश्वास जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बालेश्वर साहू जल्द रिहा होंगे।
भूपेश ने भाजपा पर कसा तंज
भूपेश बघेल ने विधायक की गिरफ्तारी को एक षड्यंत्र बताया। उन्होंने कहा कि चूँकि मामला न्यायालय में है, इसलिए वे इस पर अधिक टिप्पणी नहीं कर सकते, लेकिन बालेश्वर साहू से मुलाकात हुई है और उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है।
बालेश्वर साहू 22 जनवरी तक न्यायिक रिमांड में
बता दें विधायक बालेश्वर साहू को 42.78 लाख रुपये की ठगी के मामले में सीजेएम न्यायालय पुलिस ने 9 जनवरी को कोर्ट में चार्जशीट पेश किया। सुनवाई के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण मिश्रा ने विधायक को 22 जनवरी तक रिमांड पर जेल भेजा है।




