बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा में मन्नाडोल जाने वाली पगडंडी किनारे झाड़ियों से शुक्रवार सुबह एक युवक की अधजली लाश बरामद हुई। शव का 80 प्रतिशत हिस्सा जल चुका है, जिससे पहचान नहीं हो पाई। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए स्पिरिट जैसे ज्वलनशील पदार्थ से लाश जलायी गई।
कोई निशान नहीं, फोरेंसिक टीम भी खाली हाथ
मौके से हाथ-पैर के अवशेष और कपड़े के टुकड़े बरामद हुए हैं। फोरेंसिक जांच में संघर्ष या पैरों के निशान नहीं मिले। थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि इलाका सुनसान है, केवल शौच के लिए कुछ लोग आते हैं। मृतक की उम्र 25-35 वर्ष आंकी गई है तथा शव दो दिन पुराना लग रहा है।
मिसिंग रिपोर्ट से पहचान की कोशिश
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। आसपास के थानों की मिसिंग रिपोर्ट क्रॉस-चेक की जा रही है। मोहल्ले वालों से पूछताछ में कोई सुराग नहीं मिला। शरीर पर कोई टैटू या पहचान चिह्न नहीं बचा है। जांच जारी है।




