बिलासपुर। बिलासपुर रेल हादसे के मामले में रेलवे बोर्ड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलासपुर के डीआरएम सहित दो वरिष्ठ अधिकारियों को हटा दिया है। यह कदम कमीशन ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) की प्रारंभिक रिपोर्ट सामने आने के बाद उठाया गया है।
उल्लेखनीय है कि 4 नवंबर को बिलासपुर के पास लाल खदान क्षेत्र में खड़ी मालगाड़ी से मेमू लोकल के टकरा जाने से बड़ा हादसा हुआ था। दुर्घटना में लोको पायलट विद्यासागर सहित कुल 11 लोगों की मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में इस दुर्घटना की मुख्य वजह “ट्रेन संचालन में खामी” (Error in Train Operation) को बताया गया है।
रिपोर्ट के आधार पर रेलवे बोर्ड ने देर शाम बिलासपुर डीआरएम राजमल खोईवाल का तबादला कर उनकी जगह वेस्टर्न रेलवे से उमेश कुमार को डीआरएम नियुक्त किया है। इसी तरह प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता (PCEE) राजीव कुमार बर्नवाल को ईस्ट सेंट्रल रेलवे भेजते हुए उनके स्थान पर आरके चौधरी की नियुक्ति की गई है।
इसके पहले रेलवे बोर्ड ने सीनियर डीओपी मसूद आलम को फोर्स लीव पर भेजकर उनके स्थान पर शशांक कोष्टा को सीनियर डीओपी नियुक्त किया था।




