रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह मंगलवार को रायपुर आएंगे। दौरे के दौरान वे ठाकरे परिसर में अटल स्मृति आयोजन समिति के सदस्यों की बैठक लेंगे और एकात्म परिसर में आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन में शामिल होंगे। इस अवसर पर भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत 100 से 500 तथा 500 से अधिक सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
भाजपा का राष्ट्रीय संगठन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में अटल स्मृति आयोजन कर रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ में भी प्रदेश और जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अटल स्मृति आयोजन को लेकर गठित प्रदेश समिति की बैठक भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह द्वारा ठाकरे परिसर में ली जाएगी, जिसमें अब तक आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।
शहर जिला भाजपा द्वारा मंगलवार दोपहर एक बजे एकात्म परिसर में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया है। सम्मेलन के दौरान सदस्यता अभियान में जिले में 100 से 500 सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को शतकवीर और 500 से अधिक सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को शक्ति वीर सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर के अनुसार लगभग 500 कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, संभाग प्रभारी राजेंद्र शर्मा सहित शहर के सभी विधायक उपस्थित रहेंगे।




