खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। छुईखदान थाना क्षेत्र के ग्राम झुरानदी में गांव के एक कुएं से दो मासूम बच्चों के शव मिलने के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। मृत बच्चों की पहचान तीन वर्षीय करण वर्मा और डेढ़ वर्षीय उसकी बहन के रूप में हुई है। दोनों भाई-बहन के शव जब कुएं से बाहर निकाले गए, तो वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। मातम और चीख-पुकार के बीच गांव का माहौल शोक और सन्नाटे में डूब गया।
Read Also- छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल की तलाश में पुलिस की दबिश, कई राज्यों में दर्ज हैं FIR
पुलिस के अनुसार, रविवार की दोपहर से दोनों बच्चे घर से लापता थे। परिजनों ने आसपास और गांव में काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चों का कहीं पता नहीं चला। देर शाम ग्रामीणों ने गांव के पास बने एक पुराने कुएं से बदबू आने और कुछ संदिग्ध चीज दिखाई देने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही छुईखदान थाना प्रभारी शक्ति सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कई घंटों की मशक्कत के बाद दोनों मासूमों के शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। घटना स्थल का दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। दोनों बच्चों के मुंह कपड़े से बंधे हुए थे, जिससे पुलिस को शक है कि यह हत्या का मामला है।




