धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में प्रशासनिक टीम ने अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने दो राइस मिलों पर छापा मारकर भारी मात्रा में धान और चावल जब्त किया है। यह कार्रवाई गुरुवार को जिले के सोरम स्थित फूलमानी राइस मिल और धमतरी शहर की अशोक राइस मिल में की गई। जहां नियमों को ताक पर रखकर बड़े पैमाने पर धान और चावल का भंडारण किया जा रहा था।
मिली जानकारी की अनुसार, छापेमारी के दौरान दोनों मिलों से करीब 22 हजार क्विंटल धान और 10 हजार क्विंटल चावल बरामद किया गया है। जब्त किए गए इस माल की अनुमानित कीमत 5 करोड़ रुपये से भी अधिक बताई जा रही है। इस कार्रवाई में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, मार्कपेड और मंडी बोर्ड के अधिकारी शामिल रहे।
अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर रोक के लिए राजस्व, कृषि, खाद्य, सहकारिता और मंडी विभाग का संयुक्त उड़नदस्ता दल सक्रिय है। उड़ीसा सीमा से सटे बोराई (घुटकेल), बांसपानी, बनरौद और सांकरा चेकपोस्ट पर 24×7 निगरानी की व्यवस्था की गई है।अब तक अवैध परिवहन/भंडारण के 28 प्रकरण दर्ज, कुल 1,253 मीट्रिक टन धान और दो वाहन जप्त किए गए हैं। कार्रवाई निरंतर जारी है।




