रायपुर। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ ने मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग में राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी की उच्च पद पर नियुक्ति के विरोध में चल रही कलमबंद हड़ताल को अपना पूर्ण समर्थन दिया है।
संघ के अध्यक्ष बालमुकुंद तंबोली ने कहा कि जनसंपर्क एक विशिष्ट और विशेषज्ञता आधारित संवर्ग है, जिसमें अपर संचालक जैसे वरिष्ठ पदों पर केवल प्रशिक्षित एवं अनुभवी पीआर कैडर के अधिकारियों की नियुक्ति होनी चाहिए। राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी की नियुक्ति संवर्ग की परंपराओं के विपरीत है तथा इससे विभागीय कार्यकुशलता, पेशेवर मानक और संवर्गीय स्वायत्तता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
तंबोली ने कहा कि जनसंपर्क विभाग में रणनीतिक संचार, मीडिया प्रबंधन, जनभावना विश्लेषण और सरकारी नीतियों के प्रभावी प्रसार जैसे कार्यों के लिए गहन अनुभव और तकनीकी दक्षता आवश्यक है। अन्य संवर्गों से प्रतिनियुक्ति पर नियुक्ति संवर्ग की मूल भावना को कमजोर करती है और कर्मियों का मनोबल गिराती है।
उन्होंने मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों के विरोध को पूरी तरह उचित बताया तथा कहा कि छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ उनकी मांगों के साथ खड़ा है। संघ का मानना है कि पीआर कैडर के अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति से विभाग में निरंतरता, कार्यकुशलता और संस्थागत मनोबल मजबूत होगा।
संघ ने उम्मीद जताई है कि संबंधित प्राधिकारी इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए जनसंपर्क संवर्ग की विशिष्ट प्रकृति, परंपरा और पेशेवर मानकों की रक्षा करेंगे।




