रायपुर। ऊपरी वायुमंडल में हवा के साथ पहुंच रही नमी के कारण रविवार को पूरे प्रदेश में बादल छाए रहे, जिससे दिन में हल्की ठंडक महसूस हुई। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है। दिन का तापमान बढ़ने से रात की ठंड में थोड़ी कमी आएगी, जबकि दिसंबर की शुरुआत प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और ठंड के साथ होने की संभावना है। राज्य का न्यूनतम तापमान रविवार को 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
श्रीलंका के समीप बने चक्रवाती सिस्टम के कारण प्रदेश में नमी का प्रभाव बढ़ा है। इसके असर से रायपुर सहित कई जिलों में बादल छाए रहे और धूप का प्रभाव कम होने से तापमान में बढ़ोतरी नहीं हो सकी। राज्य में रात का औसत तापमान एक डिग्री तक बढ़ा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार नमी का असर अगले एक-दो दिन जारी रहेगा, जिससे न्यूनतम तापमान में दो से पांच डिग्री तक वृद्धि हो सकती है। दिसंबर के दौरान ठंड में उतार-चढ़ाव की संभावना बनी रहेगी। पिछले 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में और न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में दर्ज किया गया। रायपुर का न्यूनतम तापमान 14.6 और अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने 17 जिलों में हल्की बारिश की संभावना के साथ यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा और जशपुर शामिल हैं।
राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह बादल छाए रहे और हल्की ठंड महसूस की गई। मौसम विभाग ने राजधानी के लिए आंशिक बादल रहने का अनुमान जताया है। आने वाले 24 घंटों में तापमान 16 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।




