पटना/भोपाल। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए के समर्थन में इन दिनों मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जोश और समर्पण देखते ही बनता है। पार्टी हाईकमान ने उन्हें स्टार प्रचारक की जिम्मेदारी सौंपी है, और वे पूरी ऊर्जा के साथ बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। आज मनेर विधानसभा में उन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद जो साहस और संकल्प दिखाया, उसने यह साबित कर दिया कि वे किसी भी हाल में जनता से मिलने से पीछे नहीं हटने वाले नेता हैं।
विपक्ष ने हेलीपैड और रास्ता खोद डाला, लेकिन नहीं रुके मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज मनेर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा का कार्यक्रम निर्धारित था। लेकिन इससे पहले विपक्ष ने उनके दौरे को बाधित करने के लिए हेलीपैड और सभा स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग को खोद डाला। विपक्ष का मकसद था कि मुख्यमंत्री की सभा और रोड शो न हो सके। परंतु मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस साजिश को नकारते हुए जनता के बीच पहुंचने का फैसला लिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, जनता से मिलने से हमें कोई नहीं रोक सकता। चाहे रास्ते बंद कर दो या हेलीपैड खोद दो, लेकिन मैं जनता से संवाद जरूर करूंगा।
Read Also- रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई, दो युवतियां शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार
जान की बाजी लगाकर जनता के बीच पहुंचूंगा: डॉ. मोहन यादव
मनेर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, मैं आपसे मिलने आ रहा था, तो रास्ते खोद दिए गए, हेलीपैड खोद दिया गया। लेकिन मैं कहता हूं कि चाहे जो हो जाए, मैं जनता से मिलने के लिए जान की बाजी लगाकर आने को तैयार हूं। उनके इस वक्तव्य पर जनसमूह में जोरदार उत्साह देखने को मिला। जनता ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।
एनडीए प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील
सीएम डॉ. यादव ने आज पटना जिले की बांकीपुर विधानसभा में नितिन नबीन, मनेर में जितेंद्र यादव और मधेपुरा विधानसभा में कविता साह के समर्थन में विशाल जनसभाएं कीं। हर जगह जनता का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता विकास चाहती है और विकास का एकमात्र विकल्प एनडीए है।
Read Also- मंत्रियों के बंगले भी होंगे स्मार्ट: अब बिजली के लिए करना होगा रिचार्ज
आज का वक्त बदलाव की चुनौती दे रहा है
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि, आज वक्त बदलाव की चुनौती दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। वे देश के लिए धर्म, सत्य और विकास की लड़ाई लड़ रहे हैं। मैं भी एक सामान्य परिवार से आता हूँ, मेरे परिवार में न कोई सांसद था, न विधायक, न मंत्री। लेकिन यही बीजेपी और एनडीए है जिसने एक साधारण कार्यकर्ता को मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया।
विपक्ष की राजनीति पर साधा निशाना
सीएम डॉ. यादव ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि महागठबंधन एनडीए की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गया है, इसलिए ऐसी साजिशों का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा, विपक्ष कभी विकास की बात नहीं करता। वे केवल रुकावटें डालने की राजनीति करते हैं। लेकिन एनडीए जनता और अपने कार्यकर्ताओं के सुख-दुःख में हमेशा खड़ी रहती है।
Read Also- मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय में फर्जी बिल मामले में तीन कर्मचारी फरार
जनता में उमड़ा उत्साह, सभाओं का बढ़ता प्रभाव
मुख्यमंत्री की सभाओं में उमड़ रही भारी भीड़ और जनता का उत्साह यह संकेत दे रहा है कि एनडीए के पक्ष में माहौल लगातार मजबूत हो रहा है। डॉ. यादव ने अपने भाषण के अंत में जनता से आह्वान किया, चुनाव की घड़ी कभी रुकती नहीं है। यह लगातार चलती रहती है। इसलिए आइए, हम सब मिलकर एनडीए को विजयी बनाएं और बिहार के उज्जवल भविष्य का निर्माण करें।




