रायपुर। राजधानी रायपुर में एक कोचिंग संचालक ने आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड कर अपने वैवाहिक विवाद और प्रॉपर्टी को लेकर चल रहे तनाव का जिक्र किया। वीडियो में उसने पत्नी को मानसिक प्रताड़ना का जिम्मेदार बताया है।
मृतक की पहचान वासू चंद्रा के रूप में हुई है। वह शैलेंद्र नगर स्थित अपने घर में मृत पाए गए। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पारिवारिक तनाव और विवाद का उल्लेख है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से मतभेद चल रहे थे और इसकी शिकायत पहले भी पुलिस में की गई थी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। मृतक के स्वजन सहित संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि वैवाहिक विवाद, संपत्ति विवाद और अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। आगे की कार्रवाई प्रकरण की जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव या संकट से गुजर रहा है, तो विशेषज्ञ से परामर्श लें या हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 (किरण मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन) पर संपर्क करें। आपकी मदद के लिए सहायता उपलब्ध है।




