रायपुर। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में ठंड ने प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले दो दिनों में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। रायपुर में सुबह से कोहरा छाया है और कड़ाके की ठंड का अनुभव हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में और कमी आएगी, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है।
विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, बलरामपुर, दंतेवाड़ा, सरगुजा और कोरबा सहित कई जिलों में आज तापमान में गिरावट की स्थिति बनने की जानकारी दी है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। ठंड बढ़ने के साथ लोगों ने गरम कपड़ों का उपयोग बढ़ा दिया है और सुबह-शाम ठिठुरन महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि चक्रवाती तूफान मोंथा का असर समाप्त होने के बावजूद प्रदेश में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि ठंड और संभावित बारिश को देखते हुए उचित सुरक्षा उपाय अपनाकर ही घर से बाहर निकलें।




