रायपुर। देशभर में मतदाता सूची की धांधली और वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस लगातार हमलावर है। कर्नाटक, बिहार और महाराष्ट्र की तर्ज पर अब छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस ने वोट चोरी का मुद्दा उठाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर बीजेपी और चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ़ इशारा है, जल्द ही पार्टी ठोस सबूतों के साथ छत्तीसगढ़ में भी खुलासा करेगी।
दीपक बैज का कहना है कि भाजपा को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी की गई। उन्होंने दावा किया कि कई विधानसभा क्षेत्रों में धांधली हुई है और कांग्रेस बहुत जल्द तथ्यों के साथ पर्दाफाश करेगी।
फिलहाल कांग्रेस ने संगठन स्तर पर आंदोलन की रूपरेखा तय करनी शुरू कर दी है। सभी जिलों के कांग्रेस अध्यक्षों को पत्र भेजकर प्रशिक्षण अभियान शुरू करने का निर्देश दिया गया है। 3 सितंबर को रायपुर स्थित राजीव भवन में दो अहम बैठकें होंगी। इसमें जिला कांग्रेस अध्यक्षों और प्रदेश कार्यकारिणी से रायशुमारी की जाएगी।
बैठक में अब तक हुए आंदोलनों की समीक्षा, आगे की रैलियों की रणनीति और “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान पर फैसला होगा। कांग्रेस की योजना है कि राजधानी रायपुर समेत जिलों में बड़े स्तर पर आंदोलन किए जाएं और मतदाता सूची की गड़बड़ियों को जनता के सामने रखा जाए।
कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह छत्तीसगढ़ में भी वोट चोरी का मुद्दा जोर-शोर से उठाएगी। अब सबकी नज़र 3 सितंबर की बैठक और उसके बाद कांग्रेस की रणनीति पर होगी।




