रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत जिला अध्यक्षों की नई सूची जल्द जारी करने की तैयारी में है। पार्टी संगठन में नए सिरे से नियुक्तियों की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश के 11 जिलों में से पांच वर्तमान अध्यक्षों को दोबारा जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जबकि बाकी जिलों में नए चेहरे शामिल किए जाएंगे। संगठन ने इस संबंध में अपनी रिपोर्ट अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) को भेज दी है। इसमें वर्तमान संगठनात्मक ढांचे, सक्रिय कार्यकर्ताओं और संभावित नेताओं का विवरण शामिल है।
इसके साथ ही पार्टी के नियुक्त पर्यवेक्षकों ने भी AICC को अलग से अपनी समीक्षा और सुझाव भेजे हैं। इन रिपोर्टों के आधार पर नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पर जल्द निर्णय लिया जाएगा।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि नई नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत करना और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए नए नेतृत्व को तैयार करना है।




