लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में स्थित रहीमाबाद क्षेत्र में गरीब रथ एक्सप्रेस को पलटने की साजिश को रेलवे कर्मियों और चालक की सतर्कता ने नाकाम कर दिया। दिलावर नगर और रहीमाबाद के बीच रेलवे ट्रैक पर अराजक तत्वों ने ढाई फीट लंबा और छह इंच मोटा लकड़ी का गुटका रखा था, जिससे ट्रेन के इंजन के टकराने पर तेज आवाज हुई।
चालक ने तुरंत ट्रेन रोककर रहीमाबाद स्टेशन मास्टर को सूचना दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। रेलवे कर्मी की तहरीर पर रहीमाबाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। RPF और यूपी पुलिस की संयुक्त टीम मामले की गहन जांच कर रही है।
सुरक्षाबलों को मिली कामयाबी : 2 इनामी समेत 22 नक्सली गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद
दिलावर नगर और रहीमाबाद के बीच की है घटना
घटना सुबह करीब 2:43 बजे की है, जब सहरसा-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस (05577) लखनऊ की ओर जा रही थी। दिलावर नगर और रहीमाबाद के बीच खंभा नंबर 11099/11 के पास अपलाइन की दोनों पटरियों के बीच ढाई फीट लंबा, छह इंच मोटा सूखा लकड़ी का गुटका और कुछ हरे पेड़ की डालियां रखी मिलीं। इन पर एक पीला गमछा ढका हुआ था, जिस पर राम नाम लिखा था। इसके अलावा, खंभा नंबर 11099/12 के पास कुछ आम की डालियां भी रखी थीं। ट्रेन के चालक ने लकड़ी से टकराने की सूचना रहीमाबाद स्टेशन मास्टर ओम प्रकाश को दी।




