रायपुर। दुर्ग के एक कारोबारी की कार से दो लाख रुपये चोरी के मामले में रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने क्राइम ब्रांच के निलंबित आरक्षक प्रशांत शुक्ला को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। मामले में शामिल अन्य पांच पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई लंबित है।
एसएसपी ने बताया कि गुरुवार रात करीब दस बजे आईजी अमरेश मिश्रा की बैठक के बाद बर्खास्तगी का आदेश जारी किया गया। घटना 18 अक्टूबर की रात की है, जब हवाला रकम की डिलीवरी की सूचना पर आरक्षक प्रशांत शुक्ला सहित रायपुर पुलिस के छह जवान एक कार का पीछा करते हुए दुर्ग पहुंचे थे। वहां कारोबारी मयंक गोस्वामी जब अपने घर के पास रुके, तो टीम ने उन्हें कार से बाहर निकालकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरक्षक प्रशांत शुक्ला ने कार की तलाशी लेते हुए उसमें रखे दो लाख रुपये निकाल लिए। मयंक से पूछताछ के बाद टीम वहां से लौट गई। बाद में कारोबारी ने जब कार से रकम गायब पाई, तो घर की सीसीटीवी फुटेज चेक की, जिसमें आरक्षक प्रशांत शुक्ला रुपये निकालते हुए दिखाई दिया।
कारोबारी ने 19 अक्टूबर को दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल से शिकायत की, जिसके बाद प्रतिवेदन रायपुर एसएसपी को भेजा गया। प्रारंभिक जांच के बाद आरक्षक प्रशांत शुक्ला को निलंबित किया गया था। करीब एक सप्ताह चली जांच के बाद उन्हें विभाग से बर्खास्त कर दिया गया।




