रायपुर। छह माह से पोस्टिंग का इंतजार कर रहे ई संवर्ग के पदोन्नत प्राचार्यों के लिए राहत की खबर है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इन प्राचार्यों की पदस्थापना प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग 17 नवंबर से राजधानी रायपुर में काउंसिलिंग आयोजित करेगा, जिसमें एक हजार पदोन्नत प्राचार्य शामिल होंगे।
जानकारी के अनुसार, स्कूल शिक्षा विभाग ने व्याख्याता, व्याख्याता एलबी और प्रधान पाठक माध्यमिक ई संवर्ग को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्राचार्य के पद पर पदोन्नति का आदेश 30 अप्रैल को जारी किया था। हालांकि, आदेश के बाद हाईकोर्ट में याचिका दायर होने से पोस्टिंग प्रक्रिया रुक गई थी। हाल ही में हाईकोर्ट ने शासन के पक्ष में फैसला सुनाते हुए प्रकरण का निराकरण कर दिया, जिसके बाद प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की अनुमति मिल गई।
लोक शिक्षण संचालनालय ने अब 17 से 21 नवंबर तक राजधानी के शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, शंकरनगर में काउंसिलिंग आयोजित करने का कार्यक्रम तय किया है। इसमें प्रतिदिन 250 प्राचार्यों की काउंसिलिंग की जाएगी।
विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 17 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक क्रमांक 1 से 125 तक और दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक क्रमांक 126 से 250 तक के प्राचार्यों की काउंसिलिंग होगी। इसी तरह आगामी दिनों में शेष प्राचार्यों की काउंसिलिंग प्रक्रिया जारी रहेगी।



