भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में पिज्जा ऑर्डर मिलने में देरी को लेकर एक ग्राहक ने डोमिनोज पिज्जा आउटलेट में जमकर हंगामा कर दिया। गुस्साए युवक ने कर्मचारियों से गाली-गलौज की और काउंटर पर लगे ऑर्डर मॉनिटर को तोड़ दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक नेहरू नगर स्थित डोमिनोज पिज्जा आउटलेट में गुरुवार रात यह घटना हुई। उस समय आउटलेट में ढाकेश्वर कुमार (38) क्लस्टर मैनेजर के पद पर ड्यूटी पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि उतई रोड स्थित साव आटा चक्की के पास रहने वाला नरेंद्र मानिकपुरी नामक युवक आउटलेट में पिज्जा लेने पहुंचा था।
युवक ने काउंटर पर ऑर्डर दिया, लेकिन ऑर्डर मिलने में देरी होने पर वह भड़क गया। इस दौरान उसने काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों से विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते गुस्से में आकर उसने ऑर्डर लेने वाले मॉनिटर को तोड़ दिया और आउटलेट में तोड़फोड़ कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना के बाद क्लस्टर मैनेजर ढाकेश्वर कुमार की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।




