रायपुर। छत्तीसगढ़ में आरटीओ ई-चालान के नाम पर साइबर धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। साइबर अपराधी परिवहन विभाग की वेबसाइट का क्लोन पेज बनाकर नागरिकों को ट्रैफिक नियम उल्लंघन का डर दिखाते हुए फर्जी संदेश भेज रहे हैं। इन संदेशों में दिए लिंक पर क्लिक करने से व्यक्तिगत जानकारी एवं बैंक खाते से पैसे चोरी हो रहे हैं।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी अनजान संदेश, लिंक, एपीके फाइल या निजी मोबाइल नंबर से आए लिंक पर क्लिक न करें। ऐसे लिंक पूर्णतः फर्जी हो सकते हैं।
वास्तविक ई-चालान की जानकारी एवं भुगतान के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in का उपयोग करें। वेबसाइट पर “Pay Online” विकल्प चुनें, चालान नंबर एवं कैप्चा कोड भरकर “Get Detail” पर क्लिक करें। इसके बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज कर चालान विवरण देखा जा सकता है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि यातायात पुलिस या परिवहन विभाग द्वारा जारी ई-चालान की सूचना केवल इस आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाती है। नागरिकों से अपील है कि किसी अजनबी को ऑनलाइन भुगतान न करें तथा बैंक लेन-देन में सावधानी बरतें। फर्जी कॉल, संदेश या ऐप की शिकायत तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दर्ज कराएं।




