रायपुर। दिल्ली एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई तकनीकी खराबी का असर दूसरे दिन भी जारी रहा। इंडिगो सहित कई एयरलाइनों की उड़ानें आधे घंटे से डेढ़ घंटे तक विलंब से संचालित हुईं। एटीसी सिस्टम के बाधित होने से रायपुर सहित देश और विदेश की कई उड़ानों की समयसारिणी प्रभावित हुई।
शनिवार को भी स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। दिल्ली से रायपुर आने वाली अधिकतर उड़ानें देरी से पहुंचीं, जिसके कारण उनकी वापसी भी विलंबित रही। सुबह 8.45 की फ्लाइट लगभग 30 मिनट देरी से पहुंची। दोपहर 12.15 की उड़ान भी 30 मिनट देर से आई। दोपहर 2.20 की फ्लाइट 40 मिनट विलंब से, 1.45 बजे की उड़ान सवा 3 बजे, शाम 5.30 की फ्लाइट सवा 6 बजे, रात 8 बजे की फ्लाइट पौने 9 बजे और रात 9.20 की उड़ान लगभग पौने 11 बजे रायपुर पहुंची।
सूत्रों के अनुसार एटीसी सिस्टम में सुधार होने के बाद रविवार से संचालन सामान्य होने की उम्मीद है। शनिवार को गोवा-रायपुर उड़ान साढ़े 4 घंटे देरी से पहुंची। अहमदाबाद-रायपुर उड़ान सवा घंटे, इंदौर-रायपुर आधा घंटा, पुणे-रायपुर एक घंटे और मुंबई-रायपुर उड़ान सवा घंटे विलंबित रही। इन देरी की विशेष वजहों पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।




