दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के खिलाफ पिछले कई दिनों से चल रहे युवाओं के प्रदर्शन ने रविवार शाम को विवादास्पद मोड़ ले लिया। इंडिया गेट के निकट सी-हेक्सागॉन क्षेत्र में क्लीन एयर की मांग को लेकर जुटे प्रदर्शनकारियों ने अचानक दिवंगत नक्सली कमांडर माडवी हिडमा के समर्थन में नारे लगाए और उनके पोस्टर प्रदर्शित किए।
प्रदर्शन की शुरुआत शांतिपूर्ण थी, लेकिन कुछ ही देर बाद स्थिति बिगड़ गई। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर सड़क पर धरना दे दिया, जिससे एम्बुलेंस सहित कई आपातकालीन वाहन फंस गए। पुलिसकर्मियों द्वारा हटाने का प्रयास करने पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने मिर्च स्प्रे का छिड़काव किया।
डीसीपी देवेश कुमार महला ने बताया कि पुलिस पर पहली बार मिर्च स्प्रे का इस्तेमाल देखा गया। कई पुलिसकर्मियों की आंखों में जलन हुई, जिनमें कॉन्स्टेबल इशांत सबसे अधिक प्रभावित हुए। घायल जवानों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस बीच वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारियों को “माडवी हिडमा अमर रहे” के नारे लगाते सुना जा सकता है। एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि हिडमा ने जल, जंगल, जमीन और कॉरपोरेटाइजेशन के खिलाफ संघर्ष किया था, इसलिए उन्हें राष्ट्र-विरोधी नहीं कहा जा सकता। घटना के बाद सोशल मीडिया पर इसे “अर्बन नक्सल” की संज्ञा दी जा रही है। दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है।




