रायपुर। नवा रायपुर स्थित IIM में आयोजित 60वीं अखिल भारतीय DGP-IG कॉन्फ्रेंस रविवार को संपन्न हुई। तीन दिवसीय इस सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सुरक्षा रणनीति, पुलिसिंग के आधुनिकीकरण और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि यह कॉन्फ्रेंस राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।
प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि पुलिस को जनता, विशेषकर युवाओं के बीच भरोसे की नई छवि बनानी होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों की रोकथाम के लिए डायल 112 जैसे एकीकृत देशव्यापी प्लेटफॉर्म की आवश्यकता है। भविष्य की पुलिसिंग AI, फोरेंसिक तकनीक, NATGRID और डेटा-ड्रिवन सिस्टम से संचालित होगी। भगोड़ों को विदेश से भारत लाने की प्रक्रिया को और कारगर बनाने पर भी रणनीति तैयार की गई।
उन्होंने आतंकवाद, ड्रग्स के दुरुपयोग, साइबर अपराध और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर तेज तथा समन्वित रणनीति अपनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि विजन 2047 के मद्देनजर पुलिसिंग को और अधिक जवाबदेह, संवेदनशील और आधुनिक बनाया जाना आवश्यक है।
सम्मेलन में विशेष सेवाओं के लिए प्रेसिडेंट पुलिस मेडल और शहरी पुलिस सुधारों के लिए अवॉर्ड भी प्रदान किए गए। समापन के बाद प्रधानमंत्री ने विभिन्न स्कूलों के लगभग 30 छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर करियर और परीक्षाओं पर बातचीत की।
कॉन्फ्रेंस के अंतिम दिन गाइडलाइन तैयार करने की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया। सुबह उन राज्यों के प्रेजेंटेशन हुए, जो शनिवार को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर पाए थे। पहले सत्र में पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर चर्चा हुई, वहीं दूसरे सत्र में गाइडलाइन तैयार करने की प्रक्रिया पर फोकस रहा। सुरक्षा एजेंसियों की आवश्यकताओं, राज्यों के इनपुट और पूर्व सिफारिशों को शामिल करते हुए अंतिम ड्राफ्ट तैयार किया गया। इस दौरान देश के जियो-पॉलिटिकल चुनौतियों पर भी विमर्श हुआ और एक ‘मॉडल स्टेट’ का चयन किया गया, जिसकी सर्वोत्तम प्रथाओं को देशभर में लागू किए जाने की तैयारी है।
सम्मेलन के दूसरे दिन शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में लगभग 13 घंटे लंबी मैराथन बैठक हुई। इस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सहित सभी प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों और राज्यों के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे।




