दुर्ग। भिलाई के सेक्टर 7 स्थित आत्मानंद स्कूल में सोमवार को दो सहपाठी छात्रों के बीच विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना हुई। आरोपी छात्र विकास बाघ ने क्लासमेट रवि महतो पर पीठ और कंधे पर चाकू से घातक वार किए। गंभीर रूप से घायल रवि को उसके पिता रमेश महतो ने तुरंत शासकीय अस्पताल दुर्ग पहुंचाया जहां उसका इलाज जारी है।
घटना भिलाई नगर थाना क्षेत्र की है। रवि के परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी छात्र के खिलाफ धारा 324 और अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया है। आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार दोनों छात्र एक ही कक्षा में पढ़ते हैं और किसी मामूली बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। स्कूल प्रशासन ने घटना की पुष्टि की है और जांच में सहयोग का आश्वासन दिया है। क्षेत्र में छात्रों के बीच हिंसा की यह घटना अभिभावकों में चिंता का विषय बन गई है।




