बिलासपुर। जिले के बिल्हा क्षेत्र स्थित मंगल स्पंज आयरन फैक्ट्री में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। काम के दौरान 40 फीट की ऊंचाई से गिरने पर एक क्रेन ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल कर्मचारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
काम के दौरान टूटी जाली, हादसे में गई जान
मृतक की पहचान मिथलेश यादव (निवासी मैंसबोड़, बिल्हा) के रूप में हुई है। वह कई वर्षों से फैक्ट्री में क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। गुरुवार को काम करते समय क्रेन के पास लगी जाली अचानक टूट गई, जिससे वह करीब 40 फीट नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल मिथलेश को पहले निजी अस्पताल और फिर सिम्स रेफर किया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और प्रबंधन पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया।
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
मृतक मिथलेश की पत्नी गर्भवती है और उसका एक छोटा बच्चा भी है। परिजनों ने कहा कि परिवार की पूरी जिम्मेदारी मिथलेश के कंधों पर थी। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
मुआवजे की मांग पर हंगामा, प्रबंधन ने दी राहत राशि
हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने फैक्ट्री परिसर में हंगामा किया और शव ले जाने से इंकार कर दिया। उन्होंने उचित मुआवजा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। फैक्ट्री प्रबंधन ने तत्काल राहत के रूप में एक लाख रुपये नकद दिए और अतिरिक्त मुआवजा चेक से देने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले जाने की अनुमति दी।




