जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल बिमड़ा के प्रिंसिपल सुधीर कुमार बरला (52) पर महिला कर्मचारी और व्याख्याता ने यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि प्राचार्य उन्हें स्कूल में अकेला पाकर बार-बार अश्लील हरकतें और कमेंट करता था।
महिला कर्मचारियों ने बताया कि प्राचार्य अक्सर उनसे कहता था, “किसे किस करूं, किसे विस करूं और किसे आई लव यू कहूं।” घटना 15 अगस्त को स्कूल की छुट्टी के बाद हुई, जब अधिकांश स्टाफ घर जा चुका था। महिला कर्मचारी कमरे का दरवाजा बंद करने पहुंची थीं, तभी प्राचार्य ने दरवाजा भीतर से बंद कर उन्हें अश्लील हरकत का शिकार बनाया। विरोध करने पर प्राचार्य ने धमकी भी दी।
पीड़ितों ने बताया कि प्राचार्य लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहा था। बिना किसी काम के बार-बार कॉल करता, अश्लील बातें करता और छेड़छाड़ की कोशिश करता। महिला व्याख्याता ने उल्लेख किया कि पिछले साल 14 नवंबर (बाल दिवस) को भी प्राचार्य ने उनसे अशोभनीय बातें की थीं।
Read Also- पति ने गला दबाकर पत्नी को उतारा मौत के घाट, वजह जानकर हर कोई रह गया हैरान
भय और लोकलाज के कारण पीड़ित महिलाएं इस मामले को लंबे समय तक छुपाती रही। मानसिक पीड़ा सहने के बाद उन्होंने स्टाफ मीटिंग में शिकायत रखी और अंततः थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
जशपुर जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद भटनागर ने मामले को गंभीर और निंदनीय करार दिया। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्रवाई के लिए संभागीय आयुक्त को पत्र भेजा गया है।
एएसपी अनिल कुमार सोनी ने बताया कि आरोपी प्राचार्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 75(1)(iv) और 79 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।




