रायपुर। IIM नवा रायपुर में आयोजित 60वें अखिल भारतीय DGP-IG कॉन्फ्रेंस का आज तीसरा और अंतिम दिन है। बैठक सुबह 8 बजे से शुरू होगी। पहले सत्र में उन राज्यों को प्रेजेंटेशन का अवसर दिया जाएगा, जिन्होंने अभी तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की है। उनकी प्रस्तुतियों के आधार पर महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा होगी और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
दूसरे सत्र का मुख्य फोकस गाइडलाइन तैयार करने की प्रक्रिया पर रहेगा। इसमें सुरक्षा एजेंसियों की आवश्यकताओं, राज्यों के इनपुट और पिछली सिफारिशों को ध्यान में रखते हुए अंतिम ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा। इसी सत्र में ‘मॉडल स्टेट’ का चयन किया जाएगा, जिसकी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली को पूरे देश में लागू किए जाने पर विचार किया जा रहा है। सभी सत्रों के पूरा होने के बाद कॉन्फ्रेंस के औपचारिक समापन की प्रक्रिया शुरू होगी। समापन के उपरांत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल के सदस्य और संगठन के नेता मुलाकात करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
शनिवार को कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन 13 घंटे की मैराथन बैठक हुई, जिसकी कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संभाली। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सहित देशभर की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी शामिल रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि रायपुर में DGP/IGP कॉन्फ्रेंस में सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने इसे सुरक्षा क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रथाओं और नवाचारों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच बताया।




