रायपुर। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद महुआ मोइत्रा पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई टिप्पणी का मामला तूल पकड़ गया है। रायपुर पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इसके बाद सांसद ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस और भाजपा पर निशाना साधा।
महुआ मोइत्रा का बयान
वीडियो संदेश में मोइत्रा ने गृह मंत्री को “सम्माननीय” कहकर संबोधित किया और कहा कि उनके बयान को गलत अर्थों में पेश किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने बंगाली मुहावरे का उपयोग किया था, जिसका शाब्दिक अनुवाद कर भ्रामक अर्थ निकाला गया। उन्होंने कहा, “मुहावरे बेवकूफों के लिए नहीं होते। विरोधी मुझे बार-बार घेरते हैं, लेकिन अदालत और जनता के सामने सच सामने आता है।”
उन्होंने रायपुर पुलिस को टैग करते हुए लिखा कि भाजपा के दबाव में कार्रवाई करना बंद करें। साथ ही चेतावनी दी कि फर्जी मुकदमे अदालत में टिकते नहीं हैं और बाद में शर्मिंदगी ही मिलती है।
FIR किसने दर्ज कराई?
रायपुर के माना इलाके के रहने वाले गोपाल सामंतों की शिकायत पर पुलिस ने मोइत्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 197 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल जांच जारी है।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
मोइत्रा ने गृह मंत्री पर अवैध बांग्लादेशी घुसपैठ रोकने में विफल रहने और 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा के “400 पार” नारे के धराशायी होने का जिक्र किया। उन्होंने बंगाली कहावत “लज्जाय माथा काटा जावा” का उल्लेख किया, जिसका मतलब है जिम्मेदारी पूरी न कर पाने पर गहरी शर्मिंदगी महसूस करना।
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मोइत्रा के बयान की निंदा की और कहा कि इंडिया गठबंधन बौखलाहट में है। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ अपशब्द विपक्ष की हताशा को दर्शाते हैं।




