रायगढ़। जिले के रेलवे स्टेशन स्थित RPF पोस्ट में ड्यूटी के दौरान दो हेड कांस्टेबल के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद एक कांस्टेबल ने दूसरे पर एक- एक कर चार गोली दाग दी। गोली लगने से प्रधान आरक्षक पीके मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गोली चलाने वाले जवान का नाम एस लादेर है। वह जांजगीर-चांपा का रहने वाला है। मृतक हेड कॉन्स्टेबल पीके मिश्रा मध्यप्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले थे।
दोनों बैचमेट थे और उनकी ड्यूटी रात में लगी थी। तड़के करीब 4 बजे किसी बात को लेकर विवाद हुआ, और एस लादेर ने पीके मिश्रा के सिर पर चार राउंड फायर कर दिए, जिससे उनकी मौत हो गई।
आरपीएफ पोस्ट को किया सील
घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि, अभी आरपीएफ पोस्ट को सील कर दिया गया है और किसी को भी भीतर नहीं जाने दिया जा रहा है। बिलासपुर से IG मुनव्वर खुर्शीद भी RPF पोस्ट में पहुंचे।




