बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ है। जहां रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। जिसका इलाज बिलासपुर सिम्स में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के पास हुई है। जहां ट्रेलर सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा।
वाहन में फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लिया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया, तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। सकरी पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
मृतकों और घायल की पहचान
छत्रपाल रात्रे (37 वर्ष), निवासी ग्राम कुवागांव, थाना तखतपुर
विशाल लहरें (25 वर्ष), निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली
अनमोल लहरें (14 वर्ष), निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली
सोनू मिरी (28 वर्ष), निवासी कोटा
घायल की पहचान प्रकाश रात्रेनिवासी ग्राम कुवागांव, थाना तखतपुर के रूप में हुई है। उनका सिम्स अस्पताल में इलाज जारी है।




