गरियाबंद। नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं.कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश यदु के अनुसार, 28 सितंबर 2024 को सांकरा निवासी महावीर यादव (24 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि हाफिज खान ने पोस्ट मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में भृत्य पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर 2.30 लाख रुपये लिए। आरोपी ने कुछ समय तक उसे छात्रावास में काम भी कराया, लेकिन नियुक्ति पत्र नहीं दिया और पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।
जांच में खुलासा हुआ कि हाफिज खान ने इसी तरह दो अन्य युवकों खोमेन्द्र साहू से 3.10 लाख रुपये और पांडुका निवासी दिग्विजय ध्रुव से 2.30 लाख रुपये भी नौकरी के नाम पर लिए थे। इस प्रकार कुल 7.70 लाख रुपये की ठगी की गई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर पीड़ितों और गवाहों के बयान लिए। सबूतों के आधार पर आरोपी हाफिज खान पुत्र अब्दुल हमीद खान, निवासी मालगांव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पूर्व में कांग्रेस शासनकाल के दौरान ब्लॉक स्तर पर प्रभावशाली रहे हाफिज खान की यह गिरफ्तारी स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।




