बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मशहूर मौसाजी स्वीट्स के सभी संस्थानों स्टेट जीएसटी विभाग ने छापा मारा है। रायपुर और बिलासपुर की संयुक्त टीमों ने टैक्स चोरी की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की है। अधिकारियों ने संस्थानों के कंप्यूटर सिस्टम, बिल, पर्ची और अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए।
सोमवार शाम करीब 4:30 बजे अलग-अलग टीमें मौसाजी स्वीट्स की सभी शाखाओं—श्रीकांत वर्मा मार्ग, तिफरा, सरकंडा, मंगला और गोलबाजार—में पहुंचीं। टीमों ने सबसे पहले कंप्यूटर सिस्टम अपने कंट्रोल में लेकर बिल, पर्ची, रजिस्टर और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच शुरू की। व्यापार विहार स्थित मुख्य शाखा में जॉइंट कमिश्नर के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने पूरे दिन जांच की।
सूत्रों के अनुसार, रेड के दौरान अधिकारी कमिश्नर को छोड़कर किसी का फोन रिसीव नहीं कर रहे थे। टीमों ने कंप्यूटर सॉफ्टवेयर में दर्ज लेन-देन, टैक्स भुगतान की जानकारी और पुराने-नए रजिस्टरों को गहराई से खंगाला। यह जांच रात लगभग 12 बजे तक चलती रही। जाते समय अधिकारी कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों की प्रतियां भी साथ ले गए।
हालांकि विभाग ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि जांच में क्या मिला, लेकिन बड़े पैमाने पर टैक्स हेराफेरी को लेकर बातें सामने आ रही हैं। पूरी कार्रवाई रायपुर से आई टीम के बिलासपुर पहुंचने और स्थानीय अधिकारियों को ब्रीफ करने के बाद शुरू की गई।
स्टेट जीएसटी की दर्जनभर टीमों द्वारा एक साथ की गई इस कार्रवाई ने शहर में हलचल मचा दी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि फर्म पर क्या कार्रवाई की जाएगी।




