बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें स्कूटी और बाइक की सीधी टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना सैदा स्थित स्कूल के पास हुई, जहां स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेंड्रा निवासी 78 वर्षीय गुलाबचंद शर्मा अपने गांव के रघुवंश खैरवार 70 वर्ष के साथ सैदा धान खरीदी केंद्र गए थे। आवश्यक जानकारी लेने के बाद दोनों दोपहर करीब तीन बजे स्कूटी क्रमांक CG 10 U 6170 से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक क्रमांक CG 10 BY 1472, जिसे प्रमोद तोंडे 18 वर्ष चला रहा था, स्कूटी से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क से फिसलकर नाली में गिर गई।
हादसे में स्कूटी सवार बुजुर्ग गुलाबचंद शर्मा और बाइक चालक प्रमोद तोंडे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रघुवंश खैरवार और प्रमोद का साथी भास्कर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने बताया कि गुलाबचंद शर्मा के शव का पोस्टमॉर्टम करा लिया गया है, जबकि प्रमोद तोंडे का शव मरच्यूरी में सुरक्षित रखा गया है। शुरुआती जांच में बताया गया कि मृतक प्रमोद अपने भाई के साथ मेंड्रा में रह रहा था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




