रायपुर। राजधानी रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक प्रस्तावित डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस की तैयारियों को लेकर रविवार को पुलिस अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ इंटेलिजेंस प्रमुख अमित कुमार ने की। इसमें रायपुर संभाग के सभी पुलिस अधीक्षक तथा विभिन्न संभागों के पुलिस महानिरीक्षक शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार सिविल लाइन स्थित सी-4 बिल्डिंग में हुई बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था की स्थिति और सम्मेलन से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा, आईजी आनंद छाबड़ा, आईजी सीआईडी ध्रुव गुप्ता, संजीव शुक्ला तथा डीआईजी सुरक्षा एमएल कोटवानी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि नवा रायपुर के अटल नगर स्थित आईआईएम में पहली बार अखिल भारतीय डीजीपी-आईजी सम्मेलन 28 से 30 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना है। तीन दिवसीय कार्यक्रम में देशभर के पुलिस महानिदेशक, आईजी स्तर के अधिकारी और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि आंतरिक सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियान, आतंकवाद विरोधी प्रयास, ड्रग नियंत्रण और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।




