जांजगीर-चांपा। जिले में नशीली और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (FDC) की जांच में पाया गया कि कई मेडिकल स्टोर्स द्वारा बिना डॉक्टर की पर्ची के मादक और नियंत्रित दवाएं बेची जा रही थीं। इस गंभीर लापरवाही पर सख्त कदम उठाते हुए विभाग ने जांजगीर, शिवरीनारायण और सक्ती क्षेत्र की 14 मेडिकल दुकानों को शो-कॉज नोटिस जारी किए हैं।
बार-बार उन्हीं ग्राहकों को बेची जा रही थीं नशीली दवाएं
जांच के दौरान औषधि निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने पाया कि कई दुकानों में दवाओं की खरीद और बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड अधूरे हैं। स्टॉक बुक और बिक्री रजिस्टर समय पर अपडेट नहीं किए गए थे, जिससे संदेह गहराया। कुछ दुकानों में बार-बार उन्हीं ग्राहकों को नशीली दवाएं बेचे जाने के प्रमाण भी मिले हैं।
Read Also- मौलाना ने प्रेग्नेंट पत्नी की पिटाई कर टॉयलेट क्लीनर पिलाया, बिलासपुर में हुई मौत, शव यूपी में दफनाने पर परिजनों ने उठाए सवाल
इन दुकानों को जारी किया गया नोटिस
कार्रवाई की जद में आने वाली दुकानों मे महेश मेडिकल, सुभाष मेडिकल, अशोक मेडिकल, नावेल्टी मनिहारी, राजू किराना, यादव जनरल, अरविंद मेडिकल, आर.के. मेडिकल, अनिल मेडिकल, कृष्णा मेडिकल, सोनकेसरिया मेडिकल, आनंद मेडिकल, श्री बालाजी मेडिकल और यश ट्रेडर्स शामिल हैं।
कॉस्मेटिक उत्पादों के भी लिए गए सैंपल
निरीक्षण के दौरान दुकानों में रखी गई कॉस्मेटिक सामग्री की गुणवत्ता और वैधता की भी जांच की गई। संदेह के आधार पर कुछ उत्पादों के नमूने लेकर जांच के लिए रायपुर की प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read Also- ब्लेसिंग पब्लिक स्कूल पर टीसी और रिजल्ट के बदले 40 हजार रुपए मांगने का आरोप, महिला ने कलेक्टर से की शिकायत
दोषियों को नहीं मिलेगी राहत: जिला औषधि निरीक्षक
जिला औषधि निरीक्षक ने स्पष्ट किया है कि नशीली दवाओं की अवैध बिक्री में शामिल किसी भी मेडिकल संचालक को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे जिले में इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
आम जनता से की गई जागरूकता की अपील
विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे हमेशा अधिकृत, जांचे-परखे और डॉक्टर की सलाह पर ही दवाएं खरीदें। यदि कहीं भी संदिग्ध रूप से नशीली दवाओं की बिक्री होते हुए दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें। इसके लिए औषधि नियंत्रण विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 9340595974 भी जारी किया है।




