बीजापुर। थाना बासागुड़ा पुलिस ने ग्राम नेण्ड्रा में चलित थाना एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी बासागुड़ा निरीक्षक दीपक साहू के नेतृत्व में पहुंची टीम ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और सुरक्षा संबंधी सुझाव साझा किए।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को छत्तीसगढ़ शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के बारे में विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि समाज की मुख्यधारा से दूर भटके युवक हिंसा का रास्ता छोड़कर पुनर्वास योजनाओं का लाभ उठाकर सम्मानपूर्वक जीवन जी सकते हैं। साथ ही ग्रामीणों से आग्रह किया गया कि वे माओवादी गतिविधियों और असामाजिक तत्वों से दूरी बनाए रखें तथा क्षेत्र में स्थायी शांति, सुरक्षा और समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
इस दौरान थाना बासागुड़ा पुलिस बल ने नेण्ड्रा के जंगल क्षेत्र में माओवादियों द्वारा निर्मित एक स्मारक को ध्वस्त किया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई माओवादी प्रभाव को कमजोर करने और स्थानीय सुरक्षा वातावरण को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जिला पुलिस ने बताया कि शांति, सुरक्षा और विकास के लिए ग्रामीण इलाकों में जन-जागरूकता, विश्वास बहाली एवं सतत संवाद कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।




