रायपुर। राजधानी में एक सराफा व्यापारी से अस्पताल के गार्ड ने मारपीट कर की है। व्यापारी अपनी पत्नी की डिलीवरी के लिए इमरजेंसी में कार अस्पताल के गेट के भीतर ले गया था। इस बात पर गार्ड बहसबाजी करने लगा। फिर उसने अपने दोस्तों को बुलाकर व्यापारी और उसके भाई की जमकर पिटाई कर दी।
डी.डी. नगर निवासी नवीन सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सोने-चांदी की दुकान चलाते हैं। अपनी पत्नी की डिलीवरी के लिए सिटी अस्पताल चौबे कॉलोनी पहुंचे थे। अस्पताल गेट पर गार्ड ने कार अंदर ले जाने से मना किया, जिस पर नवीन ने बताया कि मरीज की स्थिति गंभीर है। इसके बावजूद गार्ड बहसबाजी करने लगा। फिर नर्स की मदद से उन्होंने पत्नी को भर्ती कराया।
पत्नी को भर्ती कराने के बाद जब नवीन सोनी नीचे दवाई लेने आए, तो गार्ड ने अपने साथियों को बुला लिया। फिर आरोपी गाली-गलौज करने लगे और उन्होंने हमला कर दिया। आरोप है कि गार्डों ने हाथ, मुक्का और नुकीली चीज से मारपीट की, जिससे नवीन के सिर, चेहरा और पैरों में चोटें आईं।




