भोपाल। अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र की भीम नगर झुग्गी बस्ती में जेल से हाल ही में छूटकर आए एक नाबालिग बदमाश सहित दो आरोपियों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई तथा फुटेज शनिवार को सामने आया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित दानिश खान पुत्र असलम खान (22) निवासी भीम नगर निजी काम करता है। मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह मोहल्ले में खड़ा था। इसी दौरान मोहल्ले का ही शिवम अपने नाबालिग साथी के साथ वहां पहुंचा। दानिश को देखते ही शिवम ने गाली-गलौज शुरू कर दिया। विरोध करने पर शिवम ने मारपीट शुरू कर दी तथा नाबालिग साथी से दानिश पर छुरी से हमला करने को कहा।
दोनों ने मिलकर दानिश को जमीन पर गिराया। शिवम उसके सीने पर बैठकर मारपीट करता रहा तथा नाबालिग ने चाकू निकालकर कान के पास वार किया, जिससे गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में मारपीट एवं चाकू से हमला स्पष्ट दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। आरोपी नाबालिग हाल ही में जेल से छूटा था। मामले की गहन जांच जारी है।




