International Yoga Day: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 11वें संस्करण के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आयोजित एक भव्य योग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह ऐतिहासिक आयोजन शहर के आर के बीच से भोगापुरम तक फैले 26 किलोमीटर लंबे योग गलियारे में सुबह 6:30 बजे से 8:00 बजे तक चलेगा। इस दौरान एक साथ तीन लाख से अधिक लोग योगाभ्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने जानकारी दी कि इस आयोजन का उद्देश्य विश्व कीर्तिमान स्थापित करना है। इसमें ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में सबसे बड़ी सामूहिक योग गतिविधि का नाम दर्ज कराने का प्रयास किया जाएगा।
Read Also- 67 साल की हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू: पीएम मोदी समेत कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने दी बधाई, उत्तराखंड को देंगी खास तोहफा
सूर्य नमस्कार से बनेगा नया रिकॉर्ड
International Yoga Day: राज्य सरकार पूरे आंध्र प्रदेश में एक साथ कई योग गतिविधियों का आयोजन कर लाखों लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। खासतौर पर 25,000 से अधिक आदिवासी छात्र 108 मिनट तक सूर्य नमस्कार करेंगे, ताकि “सबसे बड़े समूह द्वारा सूर्य नमस्कार” का रिकॉर्ड भी बनाया जा सके।
योगांध्र अभियान और रिकॉर्ड रजिस्ट्रेशन
योग दिवस से पहले पूरे राज्य में ‘योगांध्र’ नामक जनजागरूकता अभियान चलाया गया, जिसके तहत गांव से लेकर राज्य स्तर तक 15,000 से अधिक योग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस अभियान में 5,451 प्रशिक्षकों ने भाग लिया और एक करोड़ से अधिक प्रतिभागियों को प्रमाणित किया गया।
Read Also- Axiom Mission 4 की लॉन्चिंग टली, नासा जल्द करेगा नई तारीख का ऐलान
सरकार का लक्ष्य राज्य भर में एक लाख केंद्रों पर योग सत्र आयोजित करना है, और अब तक योग दिवस की गतिविधियों में भागीदारी के लिए 2.39 करोड़ से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है। अकेले विशाखापत्तनम में पांच लाख लोगों को योग गतिविधियों में शामिल करने की योजना है। आयोजन के लिए 326 कम्पार्टमेंट तैयार किए गए हैं, 3.32 लाख टी-शर्ट और पांच लाख योग चटाइयों की व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था और वैकल्पिक प्रबंध
International Yoga Day: इस भव्य आयोजन के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक हरीश कुमार गुप्ता ने बताया कि 1,200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन 26 किलोमीटर के क्षेत्र में निगरानी रखेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में करीब 10,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। एक हाई-टेक पुलिस कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
बारिश की कोई भविष्यवाणी नहीं है, फिर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वैकल्पिक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हाल ही में विशाखापत्तनम का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की थी और राज्यवासियों से योग दिवस को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।




