जशपुर। दुलदुला थाना क्षेत्र में एनएच-४३ के पतराटोली के पास शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
कार कुनकुरी से जशपुर की ओर जा रही थी। सभी मृतक जशपुर जिले के चराईडांड़ क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं तथा एक ही गांव के निवासी हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। शवों को क्षत-विक्षत कार से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुलदुला भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा।
दुलदुला थाना प्रभारी के.के. साहू ने हादसे की पुष्टि की तथा बताया कि मृतकों की शिनाख्त के लिए परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




