सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में शुक्रवार शाम तीन नकाबपोश बदमाशों ने दुर्गा ज्वेलरी दुकान में पिस्टल की नोंक पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। दुकान में घुसते ही आरोपियों ने कर्मचारियों को हथियार दिखाकर धमकाया और काउंटर में रखे सोने-चांदी के गहने समेट लिए। कुछ ही मिनटों में हुई इस घटना के दौरान बाहर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में दहशत फैल गई। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद जिले में नाकेबंदी कर सीमाओं को सील कर दिया गया। सुकमा एसपी किरण सिंह और एसडीओपी मौके पर पहुंचे और दुकान संचालक व कर्मचारियों से पूछताछ करते हुए पूरे मामले की जांच शुरू की। पकड़े गए आरोपी से रातभर पूछताछ की गई है, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फरार दोनों आरोपियों के पास भी हथियार होने की आशंका है, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। शहरभर में बैरिकेड्स लगाकर प्रत्येक वाहन की जांच की जा रही है।
ज्वेलरी दुकान पर हुई इस बड़ी लूट के बाद पुलिस ने जिले की सीमाओं—विशेषकर कोंटा, दोरनापाल और छिंदगढ़ में हाई-अलर्ट जारी कर दिया है। कोंटा में मुख्य मार्गों, बस स्टैंड, बाजार क्षेत्रों और अंदरूनी रास्तों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपी से मिले इनपुट के आधार पर टीमों को विभिन्न दिशाओं में रवाना किया गया है और फरार बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भय का माहौल है। दुकानदारों ने सुरक्षा बढ़ाने और अतिरिक्त पेट्रोलिंग की मांग की है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें और किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें।




