रायपुर। उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रयोगशाला परिचारक के 403 रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा चयनित अभ्यर्थियों की विस्तृत सूची विभाग को सौंप दी गई है। वर्ष 2023 में आयोजित परीक्षा के आधार पर इस बार विभाग ने सामान्य से अधिक, लगभग चार गुना यानी 1603 अभ्यर्थियों को दस्तावेज़ सत्यापन के लिए बुलाया है।
सामान्यत: सरकारी भर्तियों में तीन गुना अभ्यर्थियों को शामिल किया जाता है, लेकिन पिछले अनुभवों में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज़ सत्यापन में अनुपस्थित रहने या अन्य पदों पर नियुक्ति ले लेने की वजह से कई पद रिक्त रह जाते हैं। इस समस्या को दूर करने और भर्ती प्रक्रिया को प्रभावी बनाने विभाग ने अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया।
दस्तावेज़ सत्यापन 8 से 13 दिसंबर तक क्षेत्रीय अपर संचालक कार्यालय, रायपुर तथा रुसा विज्ञान महाविद्यालय परिसर में सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक किया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों पर मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, निवास और जाति प्रमाण पत्र सहित भरा हुआ सत्यापन फॉर्म प्रस्तुत करना होगा। सत्यापन कार्य की सुचारू व्यवस्था के लिए कुल आठ समितियाँ बनाई गई हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेज़ सत्यापन के लिए बुलाया जाना अंतिम चयन की गारंटी नहीं है। सत्यापन पूर्ण होने के बाद ही अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी। दो वर्षों के अंतराल को देखते हुए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के अन्य नौकरियों में चयनित होने की संभावना को ध्यान में रखते हुए विभाग ने इस बार अधिक अभ्यर्थियों को बुलाकर प्रक्रिया को निर्बाध रखने का प्रयास किया है।




