रायपुर. दीपावली के त्योहार में इस बार रायपुर जिले में शराब की बिक्री ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आबकारी विभाग के अनुसार, धनतेरस से लेकर भाईदूज के दूसरे दिन तक यानी छह दिनों में करीब 61 करोड़ रुपये की शराब बिकी है। इस भारी बिक्री से शासन का राजस्व खजाना भर गया है। हालांकि, पिछली दीपावली की तुलना में इस बार शराब की बिक्री में लगभग एक प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
आबकारी विभाग के जिला अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि सामान्य दिनों में रायपुर जिले में औसतन पांच करोड़ रुपये की शराब की बिक्री होती है, जिससे छह दिनों में करीब 30 करोड़ रुपये का कारोबार होता है। लेकिन दीपावली के अवसर पर यह आंकड़ा दोगुना हो गया। त्योहार के दौरान शराब की बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
धनतेरस के दूसरे दिन सबसे अधिक शराब की बिक्री हुई, जब कुल 11 करोड़ 39 लाख 3 हजार 400 रुपये की शराब बिकी। इसके अलावा अन्य पांच दिनों में भी बिक्री का आंकड़ा आठ से दस करोड़ रुपये के बीच रहा।
आबकारी विभाग का कहना है कि रायपुर जिले में शराब की खपत अन्य जिलों की तुलना में कहीं अधिक है, जो इस बार की बिक्री से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है। विभाग के अनुसार, त्योहारों के दौरान शराब की बिक्री में वृद्धि सामान्य है, जिससे शासन को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होता है।




