अंबिकापुर। जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान खरीदी, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। मैनपाट विकासखंड के ग्राम सपनादर में गुलाब यादव के निवास से 70 बोरी (28 क्विंटल) तथा कमलेश्वरपुर में श्याम यादव के निवास से 60 बोरी (24 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया गया। दोनों प्रकरणों में छत्तीसगढ़ राज्य कृषि उपज मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर विलास भोसकर के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर सतत निगरानी रखी जा रही है। अभियान प्रारंभ होने के बाद अब तक 10 प्रकरणों में कुल 1335 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त किया जा चुका है, जिससे शासन को लगभग 31,98,045 रुपये की राजस्व हानि होने से बचाव हुआ है।
### चेकपोस्टों एवं वैकल्पिक मार्गों पर सख्त निगरानी
अंतर्राज्यीय एवं आंतरिक अवैध धान परिवहन को पूर्णतः रोकने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न स्थानों पर स्थायी एवं अस्थायी चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। प्रशासनिक दल चौबीसों घंटे वाहनों की सघन जांच कर रहे हैं। साथ ही जंगली एवं वैकल्पिक मार्गों को सील कर दिया गया है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
### व्यापारियों के गोदामों से भी बड़ी मात्रा में जब्ती
विभिन्न व्यापारियों के गोदामों एवं भंडारण स्थलों की सघन जांच के दौरान भीतर अब तक कई स्थानों से बड़ी मात्रा में अवैध धान बरामद किया गया है। सभी मामलों में मंडी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।




