बालोद। जिले के डौण्डी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढोर्रीठेमा में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शिकारियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। ये आरोपी जंगल से शिकार कर लौट रहे थे, तभी विभाग की टीम ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 22 मृत वन्यजीव, दो बंदूकें और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मथेना गांव के निवासी हेमलाल (40 वर्ष), विजय कुमार उसेंडी (20 वर्ष) और इशांत कुमार उसेंडी (18 वर्ष) शामिल हैं। आरोपियों के पास से कुल 22 मृत वन्यजीव बरामद किए गए, जिनमें 15 पड़की (छोटे पक्षी), 1 बाज, 3 हरील, 1 बटेर और 2 गिलहरी शामिल हैं। सभी मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
Read Also- बड़े भाई ने छोटे भाई की पीट-पीटकर की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से शिकार में प्रयुक्त दो बंदूकें और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। बताया गया कि तीनों आरोपी शिकार के इरादे से जंगल में गए थे और गुप्त सूचना पर वन विभाग की टीम ने समय रहते कार्रवाई कर इन्हें कस्टडी में ले लिया।
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के शिकार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की घटनाओं पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।




