नक्सल संगठन को एक और बड़ा झटका लगने वाला है। छत्तीसगढ़ से सटे तेलंगाना में शीर्ष नेतृत्व वाले बड़े कैडर के नक्सली आजाद समेत आठ नक्सली मुख्यधारा में शामिल होने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि एएसआर जिले के चिंतूर और वीआर पुरम, तथा भद्राद्री कोठागुडेम जिले के चरला और वेंकटपुरम जैसे सीमावर्ती इलाकों में आजाद का प्रभाव लंबे समय से मजबूत रहा है।
जानकारी के अनुसार, माओवादी संगठन के शीर्ष नेताओं में शामिल आजाद शनिवार को मुलुगु जिला पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आत्मसमर्पण करेंगे। इस दौरान अन्य नक्सली भी सरेंडर प्रक्रिया में शामिल होंगे। आजाद, जिनका असली नाम कोयाडा सम्बय्या उर्फ गोपन्ना है, बीकेएएसआर क्षेत्रीय समिति के सदस्य, विशेष क्षेत्रीय समिति सदस्य और तेलंगाना राज्य समिति के सक्रिय पदाधिकारी के रूप में लंबे समय से माओवादी गतिविधियों का संचालन कर रहा था।
आजाद का दोनों जिलों के एजेंसी इलाकों में महत्वपूर्ण पदों पर रहना और संगठनात्मक गतिविधियों का नेतृत्व करना उसे माओवादी नेटवर्क का एक प्रमुख चेहरा बनाता रहा है। सरेंडर के बाद इन इलाकों में संगठन की गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है।




