आशीष पदमवार. बीजापुर। जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक बड़ी कामयाबी मिली है। ताड़पाला बेस कैंप के पहाड़ी क्षेत्र में चलाए गए सर्च ऑपरेशन में जवानों ने नक्सलियों के छिपाए हुए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का भारी जखीरा बरामद किया है। साथ ही जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाए गए 5 आईईडी भी बरामद किए गए, जिन्हें बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) की टीम ने मौके पर सुरक्षित रूप से डिफ्यूज कर दिया।
Read Also- भाजपा कार्यकर्ता की हत्या की जिम्मेदारी माओवादियों ने ली, पुलिस मुखबिरी का लगाया आरोप
जानकारी के अनुसार, उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ताड़पाला बेस कैंप से कोबरा 206, केरिपु 229, 153 और 196 बटालियन की संयुक्त टीम ने KGH फूटहिल्स इलाके में सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान दोपहर करीब 3 बजे जवानों को एक पहाड़ी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिले। तलाशी लेने पर वहां नक्सलियों द्वारा छिपाए गए भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बनाने की सामग्री बरामद हुई।
बरामद सामग्री में शामिल हैं:
- 51 नग जिंदा बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर)
- 100 बंडल एचटी एल्युमिनियम तार
- 50 नग स्टील पाइप (बीजीएल निर्माण के लिए उपयोगी)
- भारी मात्रा में बिजली के तार
- 20 नग लोहे की शीट (बीजीएल निर्माण के लिए)
- 40 नग लोहे की प्लेट (बीजीएल निर्माण के लिए)
इसके साथ ही, जवानों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से प्लांट किए गए 5 आईईडी भी मौके से बरामद किए गए। बीडीएस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी विस्फोटकों को निष्क्रिय कर दिया, जिससे किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई।




