रायपुर। नवा रायपुर स्थित ब्लू वाटर खदान में पिकनिक मनाने के दौरान डूबे दो छात्रों में से एक का शव शनिवार दोपहर बरामद हुआ, जबकि दूसरे छात्र की तलाश जारी है। गोताखोरों की टीम रविवार को फिर से खोज अभियान चलाएगी।
जानकारी के अनुसार कबीर नगर निवासी संजय साहू के 15 वर्षीय बेटे जयेश साहू का शव शनिवार को खदान से निकाला गया। गोताखोरों ने करीब चार घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। बांस डालकर गहराई नापते समय पानी की सतह पर शव दिखाई दिया, जिसे बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
वहीं, दूसरे छात्र मृदुल वजरिया का अब तक कोई पता नहीं चल सका। परिजन देर शाम तक खदान किनारे उसकी प्रतीक्षा में बैठे रहे। बताया गया कि जयेश और मृदुल अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए थे। भोजन के बाद दोनों नहाने के लिए खदान में उतरे और गहराई में जाने से डूब गए। जयेश को तैरना नहीं आता था, जबकि मृदुल थोड़ा बहुत तैरना जानता था।




