रायपुर। रायपुर पुलिस ने आदतन अपराधी वीरेंद्र उर्फ रूबी तोमर को 151 दिन की फरारी के बाद ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सड़क मार्ग से रायपुर लाया जा रहा है। छोटा भाई रोहित तोमर अभी फरार है, उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
सूदखोरी और ब्लैकमेलिंग का गैंग
पुलिस के अनुसार रूबी और रोहित तोमर परिवार के साथ मिलकर सूदखोरी व अवैध वसूली करते थे। कर्जदारों से मूलधन से कई गुना ब्याज वसूलते और न देने पर मारपीट करते थे। रूबी पर 2006 से मारपीट, उगाही, चाकूबाजी, ब्लैकमेलिंग और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
प्रॉपर्टी डीलर से मारपीट के बाद फरार
पांच महीने पहले तेलीबांधा में प्रॉपर्टी डीलर दशमीत चावला से मारपीट के बाद रोहित फरार हुआ, फिर रूबी भी गायब हो गया। घर की तलाशी में अवैध हथियार बरामद हुए।
40 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
फरारी के दौरान छापों में 40 करोड़ के रजिस्ट्री दस्तावेज, साढ़े तीन करोड़ का सोना, 10 लाख की चांदी, बैंक पासबुक, चेक और एटीएम जब्त किए गए। पुलिस का दावा है कि ये संपत्ति कर्जदारों से ब्लैकमेलिंग कर हड़पी गई थी।
रूबी की गिरफ्तारी से जांच में तेजी आएगी। पुलिस अब रोहित और अन्य साथियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।




