रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखा दिया है। विशेषकर दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में लगातार भारी से अति भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों में बस्तर संभाग के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। बस्तर और सुकमा से आई बाढ़ की तस्वीरों ने राज्यभर में चिंता बढ़ा दी है। कई गांवों में सड़क संपर्क टूट गया है, निचले इलाकों में पानी भर चुका है और स्थानीय प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी ताकत लगानी पड़ी। नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में हालिया भारी वर्षा ने हालात और गंभीर बना दिए हैं।
मौसम विभाग ने 28 और 29 अगस्त के लिए पूरे छत्तीसगढ़ में अलर्ट जारी किया है। रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, लेकिन राजधानी में भी बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बारिश हो रही है। दुर्ग और सुकमा जिलों में भी बीते 24 घंटों में तेज बारिश रिकॉर्ड की गई है।
राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से अंजाम दे रहे हैं। अधिकारियों ने नागरिकों से नदी-नाले के पास न जाने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और आपदा से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की है।




